Saturday, January 12, 2008

हर आंगन का लोकनृत्य

राजेश अग्रवाल
30 साल पुराने हो चुके राऊत नाच महोत्सव के मौजूदा स्वरूप को आकार देने वाले शिक्षा और साहित्य के क्षेत्र से जुड़े डा. कालीचरण यादव ने बताया कि राऊत नाच तो लोकपर्व है। इसे केवल आयोजकों ने व्यवस्थित करने और उसे गौरव प्रदान करने का प्रयास किया है। कोई भी लोक-नृत्य थमे हुए तालाब का पानी नहीं बल्कि बहता हुआ झरना होता है। राऊत नाच में जो बदलाव आए हैं समय के साथ स्वाभाविक रूप से आता गया है। आयोजकों ने केवल उन्हें एकजुट करने के लिए कोशिश की है और इस नाच की महत्ता के अनुसार उसे मंच दिया है। अब इस महोत्सव में एक लाख रूपयों से अधिक के इनाम हर साल दिये जाते हैं। हर साल दर्जनों शील्ड बांटे जाते हैं। अब पिछले कुछ सालों से प्रतिभावान बच्चों को भी पुरस्कृत किया जाने लगा है। जब आसपास के गांवों से शनिचरी का बाजार बिहाने के लिए यादवों की टोली आती थी तो रास्ते उबड़ खाबड़ होते थे। कईयों को चोट लग जाती खी। त्योहार के उल्लास में और लाठी संचालन के दौरान इतनी लड़ाई उनके बीच हो जाती थी, कि हर महोत्सव के बाद कहीं न कहीं हत्या आदि की वारदात सुनाई देती थी। यह लड़ाई दो परिवारों के रंजिश में भी बदल जाती थी और तब एक परिवार को मुखिया खोना पड़ता था, तो दूसरे परिवार जेल में होता था। पिछले 15-20 सालों से कम से कम बिलासपुर जिले में इस तरह की कोई घटना नहीं हुई है। राऊत नाच महोत्सव ने जो दिशा दी, उसके चलते छत्तीसगढ़ के कई अन्य गांवों में भी इस तरह के महोत्सव आयोजित किये जाने लगे हैं। डा. कालीचरण बताते हैं कि देश के जिस भाग में भी दूध का व्यवसाय है राऊत नाच या इससे मिलता जुलता लोक पर्व मनाया जाता है। उत्तर भारत के अनेक राज्यों में यह मनाया जाता है। पर जैसा समृध्द छत्तीसगढ़ का राऊत नाच है, वैसा कोई नहीं। एक तरफ अनेक लोकनृत्यों पर्वों को छत्तीसगढ़ में ही राजाश्रय दिए जाने के बाद भी बचाया नहीं जा सका है, वहीं राऊत नाच बिना किसी सरकारी मदद के इसे मनाने वाले लोगों के जुनून पर फल-फूल रहा है। अब तो राऊतनाच महोत्सव एक पहचान बन गया है बिलासपुर का।
पूरा आलेख पढ़ें चिट्ठाजगत अधिकृत कड़ी

Thursday, November 22, 2007

जागे देव, नाचे राउत


बिलासपुर.लंबे बाल, चेहरे पर पुता पावडर, होठों पर लिपिस्टिक, माथे पर बिंदिया और काला चश्मा, यह वेशभूषा सुनकर आमतौर किसी सुंदर महिला की शक्ल उभर आती है, लेकिन दूसरों का मनोरंजन और पैसे कमाने की चाहत में यह शक्ल इन दिनों युवकों ने अख्तियार कर रखी है। एक पखवाड़े तक राउत नाच की धूम मचाने के लिए बुधवार को शहर में नर्तकियों (परियों) और बजगरियों का मेला लगा। शनिचरी में बजगरियों से मोल-भाव करने के लिए रूठने-मनाने का दौर पूरे दिन चला।

देवउठनी एकादशी के बाद आज से शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में राउत नाच की धूम मचेगी। राउत नर्तक दलों द्वारा बजगरियों से मोल-भाव मंगलवार से ही शुरू हो गया था। आज शनिचरी बाजार में छत्तीसगढ़ व अन्य प्रांत के के बजगरी बड़े पैमाने पर पहुंचे, जो 15 दिनों तक राउत नर्तक दलों के साथ घूमेंगे। घरों-घर जाकर नर्तक दल आशीष देंगे, इसके एवज में उन्हें बख्शीश मिलेगी।

शनिचरी चौक और आसपास पूरे दिन बजगरियों व नर्तकियों का मेला लगा रहा। युवक नर्तकी बनने के लिए सड़क किनारे व आसपास के घरों के चबूतरों में क्रीम-पावडर लगाकर सजते-संवरने में जुटे रहे। इधर उनके मुखिया भाव तय करने में लगे थे।

यही नहीं, सजने के बाद उन्हें सौदागरों को नाचकर भी दिखाना पड़ा। बाजार में दिनभर राउत बाजे की गूंज सुनाई देती रही और नर्तकियां अपनी नाच दिखाते रहीं। एरिया और दूरी के हिसाब से नर्तकियों व बजगरियों से मोल-भाव किया गया। यहां 15 दिनों के लिए 10 से 25 हजार रुपए तक बाजा वाले तय किए गए।

अब ये रावत नर्तकों के साथ शहर व ग्रामीण अंचलों में घूमेंगे। इस बीच लालबहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में रावत नाच महोत्सव होगा, जिसमें जिले भर से नर्तक दल नृत्य के अलावा अपनी शौर्य और सौंदर्य कला का प्रदर्शन करेंगे। महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसके लिए उन्हें आकर्षक पुरस्कार भी दिए जाएंगे।

उड़ीसा से भी आए बजगरी
शनिचरी में बजगरियों के तकरीबन डेढ़ से दो सौ दल थे, जिनमें से हर दल में छह से आठ सदस्य थे। कुछ दल जिले-संभाग के अलावा उड़ीसा के शहरों से भी पहुंचे थे। सराईपाली, बसना, सारंगढ़, रायगढ़ के साथ-साथ इस क्षेत्र के पामगढ़, शिवरीनारायण, सीपत, मुंगेली, लोरमी व अन्य जगहों से नर्तक दल रावत नाचा के सीजन में रोटी-रोटी की आस लिए पहुंचे थे।

जश्न की शुरुआत यहीं से
अब जब मोल-भाव तय हो ही गया है, तो जश्न की शुरुआत भी यहीं से हो जानी चाहिए। शायद यही सोचकर नर्तकियों व नर्तक दलों के मुखिया सड़क किनारे ही शराब लेकर बैठ गए। नाच-गाने के साथ यह सिलसिला भी पखवाड़े भर तक चलेगा। गांव हो या शहर, दिनभर नाचने के बाद थकान मिटाने और गपियाने के लिए हर रात उनकी अपनी अनोखी महफिल जमेगी।

20 हजार में खाना भी दो!
मोल-भाव के दौरान बजगरियों और सौदागरों के बीच बातें सुनने में अजीब लगती थीं। 10 से 25 हजार रुपए तक के भाव अलग-अलग स्थितियों पर तय किए जा रहे थे। एक जगह बजगरियों का कहना था कि यदि वे 20 हजार लेंगे तो उन्हें पूरे 15 दिनों तक दोनों समय खाना भी देना पड़ेगा। लेकिन सौदागर यह मानने के लिए तैयार नहीं थे। आखिरकार उनका भाव 30 हजार रुपए में तय हुआ जिसमें 10 हजार रुपए खाने के लिए थे। अमूमन यही स्थिति सभी दलों के साथ बनी। चिट्ठाजगत अधिकृत कड़ी